सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान

खबर शेयर करें -

सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, बच्चों से मिलकर मनोज पाठक ने जताई प्रसन्नता

कालाढूंगी, हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में जाकर आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में कालाढूंगी विधानसभा-60 के विठौरिया मंडल के वार्ड नंबर 43 स्थित छड़ायल नयाबाद आंगनवाड़ी केंद्र में भाजपा नेता मनोज पाठक ने पहुंचकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र में मौजूद बच्चों से मुलाकात की और उनके साथ समय बिताकर प्रसन्नता व्यक्त की।

इस अवसर पर मनोज पाठक ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा बहनें मातृशक्ति और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक शिक्षा तथा जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर समर्पण भाव से कार्य कर रही हैं। समाज के स्वस्थ एवं सशक्त भविष्य की नींव मजबूत करने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार द्वारा भी आंगनवाड़ी केंद्रों से जुड़े बच्चों और माताओं के पोषण एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के पोषण में सुधार के लिए दूध उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री महिला पोषण योजना एवं मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना के माध्यम से भी मातृ एवं शिशु पोषण को सुदृढ़ करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मनोज पाठक ने कहा कि सरकार की इन योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे न केवल बच्चों की देखभाल और पोषण का दायित्व निभाती हैं, बल्कि माताओं और परिवारों को स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण कार्य भी कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय का विचार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सेवा और सहयोग पहुंचाने की प्रेरणा देता है। सेवा, सम्मान और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से इसी विचार को जन-जन तक पहुंचाना सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य है।


ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad
Breaking News