हल्द्वानी। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में 22 से 24 सितंबर तक आयोजित तीन दिवसीय खेल महाकुंभ-2026 की पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में हल्द्वानी के दो भाइयों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर जिला नैनीताल का नाम रोशन किया। 11 वर्षीय नैतिक पाल ने 230 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि उनके बड़े भाई 14 वर्षीय मानस पाल ने 470 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

दोनों पदक विजेताओं के हल्द्वानी पहुंचने पर खेल प्रेमियों, समाज व्यापार मंडल और पुलिस परिवारों में खुशी का माहौल रहा। लोगों ने फोन कॉल, सोशल मीडिया और घर पहुंचकर दोनों भाइयों को बधाई दी।
नैतिक और मानस के पिता मुकेश पाल स्वयं पावरलिफ्टिंग में कॉमनवेल्थ चैंपियन रह चुके हैं और वर्तमान में उत्तराखंड पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनकी माता डॉ. सुधा पाल तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित हैं।

राशिका सिद्दीकी और गोलापार यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर एवं प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा ने भी बच्चों को बधाई दी। सिंथिया स्कूल के प्रबंधक परवीन रौतेला एवं समस्त स्टाफ ने बच्चों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





