ब्रेकिंग _ नैनीताल पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 65.40 लाख रुपये कीमत की 218.04 ग्राम स्मैक बरामद की है। लालकुआं क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एसओजी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों में एक ट्रक ड्राइवर और दूसरा बनभूलपुरा में दर्जी का काम करता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने 6 अक्टूबर को सुभाष नगर बैरियर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान अल्टो कार संख्या UP24-H-4787 को रोका। तलाशी लेने पर कार से 218.04 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से नदीम खान उर्फ गण्ठा (36) और मो. शफीक उर्फ शफी (51) को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में NDPS Act की धारा 8/21/60/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे स्मैक बहेड़ी से खरीदकर ला रहे थे। पुलिस अब इस मामले में सप्लाई चेन और अन्य जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 65.40 लाख रुपये है। कार्रवाई में इस्तेमाल अल्टो कार को भी कब्जे में लिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तारी टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
नशे के खिलाफ इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब जांच का फोकस स्मैक की सप्लाई के स्रोत और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने पर है।







