उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के मोरी तहसील के आराकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की पुरानी आवासीय बिल्डिंग में देर रात भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से 75 वर्षीय पार्वती जैन की जिंदा जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पार्वती जैन इसी स्वास्थ्य केंद्र में कर्मचारी थीं और कुछ समय पहले सेवानिवृत्त हुई थीं।
हादसा मंगलवार देर रात करीब 12:58 बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस मौके पर पहुंची, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू से भी फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी। उत्तराखंड और हिमाचल की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में पार्वती जैन की मौत के अलावा किसी अन्य के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।





