हल्द्वानी,
सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय, हल्द्वानी में विश्व फार्मासिस्ट दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विचार गोष्ठी आयोजित कर स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका और उनकी जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई।
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष पवन पांडे की अध्यक्षता और प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक की मौजूदगी में केक काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके बाद प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष सहित वरिष्ठ फार्मेसी अधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।
इस वर्ष की थीम “स्वास्थ्यवर्धक भविष्य के लिए फार्मेसी अधिकारियों को सशक्त बनाना” रही। वक्ताओं ने कहा कि मरीजों की सुरक्षित एवं प्रभावी चिकित्सा व्यवस्था में फार्मासिस्ट स्वास्थ्य तंत्र की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। बदलती स्वास्थ्य जरूरतों के बीच फार्मासिस्टों को और अधिक सक्षम व सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ एवं मुख्य फार्मेसी अधिकारियों, फार्मासिस्टों, प्रशिक्षु और इंटर्न फार्मासिस्टों समेत फार्मेसी संवर्ग से जुड़े कई लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ फार्मेसी अधिकारी कमलेश कुमार ने किया। अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।





