उत्तराखंड में मौसम बना चुनौती_अगले 3 दिन भारी, नैनीताल जिले में 8 सड़कें बंद..

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में देर रात से अधिकांश जिलों में रुक-रुककर बारिश जारी है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ तेज बौछारों की संभावना जताई है। देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट, जबकि अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम के बिगड़े मिजाज का असर अब जनजीवन पर भी दिखने लगा है। 10 जिलों में 61 सड़कें बंद हैं। वहीं खराब मौसम को देखते हुए पिथौरागढ़, देहरादून और नैनीताल में 12वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र में बारिश के बीच सरयू नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है।

पीपलकोटी टनल हादसा : 7 मजदूरों की मौत

चमोली के पीपलकोटी में निर्माणाधीन करीब 3 किलोमीटर लंबी टनल में गुरुवार शाम लैंडस्लाइड के बाद पानी रिसने लगा। मलबा और पानी भरने से अंदर काम कर रहे मजदूर फंस गए।

रेस्क्यू अभियान के दौरान 21 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि हादसे में 7 मजदूरों की मौत हो चुकी है। टनल में फंसे लोगों की तलाश और बचाव अभियान अभी भी जारी है।

हल्द्वानी में रेकॉर्ड बारिश, नैनीताल जिले में 8 सड़कें बंद

नैनीताल। जिले में बारिश के चलते कई ग्रामीण और राज्य मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हुई है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की 14 अगस्त सुबह 9:30 बजे तक की रिपोर्ट के मुताबिक जिले में फिलहाल हल्की बारिश हो रही है, जबकि बारिश के कारण 8 सड़कें बंद हैं। संबंधित विभागों की टीमें मार्ग खोलने के काम में जुटी हुई हैं।

इन 8 मार्गों पर आवाजाही बंद

1.कूल मोटर मार्ग
2.गर्जिया (घुघतीधार)-बेतालघाट मोटर मार्ग
3.फतेहपुर-बेल मोटर मार्ग
4.अम्बेडकर ग्राम-रिखोली मोटर मार्ग
5.भीड़ापानी-महतोली मोटर मार्ग
6.कौन्ता-ककोड़-हरीशताल मोटर मार्ग
7.पतलोट-पश्यागांव मोटर मार्ग
8.पंगोट-देचूरी मोटर मार्ग

प्रशासन के अनुसार इन सभी मार्गों को 14 अगस्त को ही खोलने का संभावित लक्ष्य रखा गया है। संबंधित खंडों की टीमें मौके पर काम कर रही हैं।

हल्द्वानी में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटों में हल्द्वानी-काठगोदाम में 28 मिमी, रामनगर में 14.4 मिमी और कालाढूंगी में 18 मिमी बारिश दर्ज की गई। नैनीताल स्नो व्यू में 1 मिमी और बेतालघाट में 1.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।

वहीं गौला बैराज से 1,709 क्यूसेक, कोसी बैराज से 2,999 क्यूसेक और नंधौर से 340.40 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया है। फिलहाल ये डिस्चार्ज संबंधित चेतावनी स्तर से काफी नीचे हैं।

जिला प्रशासन की रिपोर्ट के मुताबिक बारिश से अब तक 3 जनहानि ,, 6 आंशिक भवन क्षति और 20 आंगन/दीवार क्षति दर्ज की गई है। इसके अलावा एक छोटे पशु की भी हानि हुई है।

प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने और बंद मार्गों पर आवाजाही से बचने की अपील की है।

अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम ?

15 अगस्त:देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश का यलो अलर्ट है। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज बौछारों की संभावना है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी आकाशीय बिजली चमकने के आसार हैं।

16 अगस्त: चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भारी बारिश का यलो अलर्ट है।

17 अगस्त : देहरादून, पौड़ी और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। राज्य के बाकी हिस्सों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है।

Breaking News