नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, टिहरी और चमोली समेत कई जिलों में बदले पुलिस कप्तान
उत्तराखंड में पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन ने 17 आईपीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए कई जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSP) को बदल दिया है। 25 नवंबर 2026 को जारी आदेश के तहत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल के बाद कई जिलों की पुलिस कमान नए कप्तानों के हाथों में होगी।
कई जिलों में बदले पुलिस कप्तान
शासनादेश के अनुसार, नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है। उनकी जगह अर्पण यदुवंशी को नैनीताल का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है।
ऊधमसिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति को एसडीआरएफ सेनानायक की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि मणिकांत मिश्रा जिले के नए एसएसपी होंगे।
पौड़ी में देवेंद्र पींचा को एसएसपी बनाया गया है। टिहरी की एसएसपी श्वेता चौबे को आईआरबी द्वितीय का सेनानायक नियुक्त किया गया है, जबकि सरिता डोबाल को टिहरी की नई एसएसपी बनाया गया है।
अन्य अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
पंकज भट्ट को आईआरबी प्रथम बेलपड़ाव का सेनानायक, हरीश वर्मा को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक तथा अमित श्रीवास्तव प्रथम को अभिसूचना में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। अमित श्रीवास्तव द्वितीय को एसपी चमोली की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विशाखा अशोक भदाणे को पुलिस मुख्यालय में एसपी, संदीप पंवार को सुरक्षा एवं अभिसूचना मुख्यालय में एसपी, जितेंद्र मेहरा को पुलिस मुख्यालय में एसपी, जगदीश चंद्र को एसपी बागेश्वर और शाहजहां जावेद खान को एसपी फायर सर्विस नियुक्त किया गया है।
शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने तथा कार्यभार प्रमाणक पुलिस महानिदेशक के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।







