हल्द्वानी। महिला उद्यमिता, ग्रामीण हुनर और देशभर की लोक संस्कृति को एक मंच पर लाने वाले सरस आजीविका मेले का हल्द्वानी में भव्य आगाज हो गया है। एमबी इंटर कॉलेज मैदान में मंगलवार को शुरू हुए दस दिवसीय मेले में स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद, हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाकृतियां आकर्षण का केंद्र बनेंगी। मेले का शुभारंभ सांसद दिनेश आर्य और कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। मेला 3 दिसंबर तक चलेगा।
विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि सरस आजीविका मेला महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। यह मंच स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों की पहचान स्थापित करने, विपणन के नए अवसर तलाशने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि मेले में देश के विभिन्न राज्यों से आए स्वयं सहायता समूहों को अपनी कला, संस्कृति, उत्पादों और कार्यशैली को साझा करने का अवसर मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल फॉर वोकल’ मंत्र को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से मेले में बायर-सेलर मीट भी आयोजित की जा रही है, जिससे ग्रामीण उद्यमियों और महिला समूहों के उत्पादों को व्यापक बाजार मिल सकेगा।
मेले में खरीदारी के साथ सांस्कृतिक रंग भी बिखरेंगे।
दस दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में विभिन्न राज्यों के पारंपरिक उत्पाद, हस्तशिल्प, खानपान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां लोगों को आकर्षित करेंगी। नामचीन कलाकारों की प्रस्तुतियां मेले की रौनक बढ़ाएंगी और हल्द्वानीवासियों को खरीदारी, संस्कृति और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
सरस आजीविका मेला ग्रामीण महिलाओं के हुनर को पहचान, उनके उत्पादों को बाजार और आत्मनिर्भरता को नई उड़ान देने वाला मंच बनकर सामने आया है।







