मुक्तेश्वर टेंपो ट्रैवलर हादसे में पेड़ों ने बचाई कई जिंदगियां… 3 की मौत

खबर शेयर करें -

नैनीताल के मुक्तेश्वर में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है जबकि 19 लोग घायल बताए जा रहे हैं यह हादसा और भी भयावह हो सकता था लेकिन गनीमत रही पेड़ों ने 19 जिंदगियों को बचा लिया।

भवाली-मुक्तेश्वर मार्ग पर मल्ला रामगढ़ के पास पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में तीन पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 19 यात्री घायल हुए हैं। वाहन में चालक समेत कुल 22 लोग सवार थे।

जानकारी के मुताबिक टेंपो ट्रैवलर दिल्ली, फरीदाबाद और हरियाणा से पर्यटकों को लेकर मुक्तेश्वर जा रहा था। मल्ला रामगढ़ में लक्ष्मीखान तिराहे से आगे अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार वाहन पैराफिट तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरा। गनीमत रही कि वाहन नीचे पेड़ों में अटक गया, वरना हादसा और भी भयावह हो सकता था।

हादसे की सूचना मिलते ही भवाली पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लगातार बारिश और करीब 100 फीट गहरी खाई ने रेस्क्यू ऑपरेशन को बेहद चुनौतीपूर्ण बना दिया। जवानों ने रस्सियों के सहारे एक-एक कर घायलों को खाई से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।

मृतकों की पहचान फरीदाबाद निवासी सुमित पाल सिंह (24), अभिषेक (26) और प्रदीप (26) के रूप में हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने टेंपो ट्रैवलर चालक यश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

घायलों के मुताबिक वाहन की रफ्तार काफी तेज थी और मोड़ पर चालक का नियंत्रण बिगड़ गया। हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को सामने ला दिया है।

ADVERTISEMENTSAd
Breaking News