पी.एम.श्री राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य की चाकू से गोदकर हत्या, इलाके में सनसनी !

खबर शेयर करें -

उत्तराखण्ड में बागेश्वर जिले स्थित भटखोला जी.आई.सी.के प्रधानाचार्य की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया।

   बागेश्वर जिले में काफलीगैर तहसील के पी.एम.श्री राजकीय इंटर कॉलेज(जी.आई.सी.) के 56 वर्षीय प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैली हुई है। मृतक दयानंद टम्टा, बागेश्वर में तहसील रोड के निवासी थे। 

जानकारी के अनुसार, स्कूल में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के रूप में हाल ही में स्थानांतरित होकर आए दयानंद को उन्हीं के विद्यालय के नवल किशोर सोराड़ी ने कथित रूप से चाकुओं से गोदकर मौत के घाट उतार दिया।

अल्मोड़ा के रहने वाले नवल ने उन्हें स्कूल जाते समय रास्ते में पीछे से वार कर लहूलुहान कर दिया। हमले में प्रधानाचार्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बागेश्वर के एस.पी.जितेंद्र मेहरा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

अल्मोड़ा से फॉरेनसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाये। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। झिरौली थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से हत्यारोपी को गिरफ्तार कर जिला न्यायालय में पेश कर अल्मोड़ा जेल भेजा दिया। बागेश्वर पुलिस अब हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Breaking News