हल्द्वानी। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नई तकनीकों के प्रति जिज्ञासा बढ़ाने की दिशा में एसकेएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रामपुर रोड ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। विद्यालय में 10 अक्टूबर 2026 को एस्ट्रो पाठशाला लैब का भव्य शुभारंभ किया गया। इस मौके पर रॉकेट लॉन्च और ड्रोन शो ने विद्यार्थियों व अभिभावकों का ध्यान आकर्षित किया और कार्यक्रम को खास बना दिया।
लैब का उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाचार्या मोनिका शर्मा, उप-प्रधानाचार्य भामिनी जोशी और प्रशासक ऋषभ जोशी ने रिबन काटकर किया। कार्यक्रम में एस्ट्रोवर्स के सीईओ अजय रावत भी मौजूद रहे। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक उत्साह के साथ शामिल हुए।
इस आधुनिक लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, रॉकेट, उपग्रह, ड्रोन, रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी तकनीकों को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिलेगा। इसका उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर प्रयोग, खोज और नवाचार के लिए प्रेरित करना है।
एस्ट्रो पाठशाला लैब की शुरुआत विद्यार्थियों के सपनों को विज्ञान और तकनीक के नए आयामों से जोड़ने की पहल है। यह सुविधा बच्चों में सवाल पूछने, नए प्रयोग करने और भविष्य की तकनीकों को समझने की रुचि विकसित करने में सहायक होगी।







