संत निरंकारी मिशन का ‘रक्तदान महादान’ कार्यक्रम: रामनगर में हुआ विशाल रक्तदान शिविर

खबर शेयर करें -

रामनगर/हल्द्वानी । संत निरंकारी सत्संग ब्रांच रामनगर द्वारा विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर मानव सेवा हेतु एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन अग्रवाल सभा भवन रामनगर में सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक हुआ, जिसमें मिशन के 100 श्रद्धालुओं ने निःस्वार्थ भाव से रक्तदान किया।

शिविर का उद्घाटन आदरणीय मो0 काजी अकरम जी, अध्यक्ष नगरपालिका परिषद रामनगर, ने अपने कर कमलों से किया। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं को प्रोत्साहित किया तथा उनकी निस्वार्थ सेवा एवं समाज सेवा के प्रति प्रशंसा व्यक्त की। रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करने के लिए इस दौरान सत्संग का आयोजन भी हुआ, जो 11 से 1 बजे तक चलता रहा। नैनीताल जोन के जोनल इंचार्ज श्री जसविंदर सिंह जी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

रक्त संग्रहण के लिए हल्द्वानी के सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय, रामनगर के राजकीय रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय तथा हल्द्वानी नैनीताल की रेडक्रास सोसायटी के ब्लड बैंक की टीमों ने सेवाएं प्रदान कीं। उल्लेखनीय है कि संत निरंकारी मिशन ने अब तक 9,659 रक्तदान शिविरों का आयोजन कर 14,30,802 यूनिट रक्त एकत्रित किया है, जो समाज सेवा में एक मिसाल है।

संत निरंकारी मिशन के मुखी श्री वृक्षा राम जी ने बताया कि मिशन न केवल आध्यात्मिक उत्थान में लगा है, बल्कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में भी सक्रिय है। इनमें रक्तदान, स्वच्छता अभियान, प्रोजेक्ट अमृत के तहत जल संरक्षण, वृक्षारोपण, महिला एवं बाल विकास कार्यक्रम, नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर और प्राकृतिक आपदाओं में सहायता जैसी सेवाएं शामिल हैं, ताकि समाज का समुचित विकास हो सके।

कार्यक्रम के अंत में रामनगर के मुखी श्री वृक्षा राम, हल्द्वानी के क्षेत्रिय संचालक आनंद सिंह नेगी, एवं दीपक वाही जी ने उपस्थित सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, डॉक्टरों और उनकी टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया। यह आयोजन समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने और मानवता की सेवा के प्रति समर्पित एक प्रेरणादायक कदम रहा।

ADVERTISEMENTSAd
Breaking News