देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने वन विभाग में भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बड़ा फेरबदल करते हुए नई तैनातियों के आदेश जारी किए हैं। शासन की ओर से जारी आदेशों के तहत बड़े स्तर तक कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। साथ ही कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त भी किया गया है।
नई व्यवस्था के तहत प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल से कैम्पा (CAMPA) और नियोजन एवं वित्तीय प्रबंधन का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। वहीं नीना ग्रेवाल को मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक के साथ उत्तराखंड वन विकास निगम की प्रबंध निदेशक (MD) की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव मधुकर धकाते से वन विभाग से संबंधित दायित्व वापस लेकर उन्हें पूर्ववत मुख्यमंत्री के विशेष सचिव एवं अल्पसंख्यक विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
उच्च स्तर पर भी कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। वहीं जिला स्तर पर भी कई वन प्रभागों में नई तैनातियां की गई हैं। इनमें अमित कंवर को चकराता वन प्रभाग, वैभव कुमार सिंह को देहरादून वन प्रभाग, दीपक सिंह को तराई पूर्वी वन प्रभाग (हल्द्वानी), आशुतोष सिंह को टौंस वन प्रभाग, पुनीत तोमर को तराई पश्चिमी वन प्रभाग (रामनगर), जीवन मोहन दगाड़े को उत्तरकाशी, अभिमन्यु को अल्मोड़ा, आदित्य राणा को पिथौरागढ़, रजत सुमन को केदारनाथ वन प्रभाग तथा प्रणाली रमेश को बद्रीनाथ वन प्रभाग में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपनी नई तैनाती का कार्यभार ग्रहण कर अनुपालन रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।




