विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, 56 नोडल अधिकारी-108 सहायक नोडल अधिकारी तैनात

खबर शेयर करें -

DM ललित मोहन रयाल ने 56 नोडल और 108 सहायक नोडल अधिकारी किए नियुक्त, EVM से लेकर सुरक्षा, परिवहन और चुनावी खर्च तक हर व्यवस्था पर रहेगी नजर

नैनीताल। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर नैनीताल जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने निर्वाचन से जुड़ी 38 व्यवस्थाओं के संचालन के लिए 56 नोडल और 108 सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है।

भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के तहत अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मतदान कार्मिकों की तैनाती, प्रशिक्षण, EVM-VVPAT प्रबंधन, सुरक्षा, परिवहन, आदर्श आचार संहिता, निर्वाचन व्यय की निगरानी, मीडिया प्रबंधन और मतदाता जागरूकता सहित सभी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं।

निर्वाचन की तैयारियों के लिए प्रमुख विभागों और अधिकारियों को निम्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

1.मतदान कार्मिक प्रबंधन

मतदान कार्मिकों की नियुक्ति और प्रबंधन के लिए मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। निदेशक उच्च शिक्षा हल्द्वानी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी और लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर नैनीताल को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

2.प्रशिक्षण प्रबंधन

चुनाव में तैनात होने वाले कार्मिकों के प्रशिक्षण की जिम्मेदारी परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास को सौंपी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक और प्रधानाचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), भीमताल को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।

3.आदर्श आचार संहिता का पालन

आदर्श आचार संहिता के अनुपालन और निगरानी के लिए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नगर आयुक्त हल्द्वानी, सभी रिटर्निंग अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता, सभी पुलिस क्षेत्राधिकारी और जनपद के सभी विभागाध्यक्षों को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।

4.परिवहन प्रबंधन

चुनाव के दौरान वाहनों की उपलब्धता और परिवहन व्यवस्था के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) और जिला पूर्ति अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी हल्द्वानी एवं रामनगर, ट्रांसपोर्ट टैक्स ऑफिसर हल्द्वानी, जिला अभिहित अधिकारी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

5.EVM-VVPAT प्रबंधन एवं प्रशिक्षण

ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के प्रबंधन तथा प्रशिक्षण के लिए अधिशासी अभियंता, लघु सिंचाई भीमताल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सहायक निदेशक प्रशिक्षण, सेवायोजन निदेशालय हल्द्वानी, आईटीआई प्रधानाचार्य नितिन शर्मा, राजकीय आईटीआई बेतालघाट के अनुदेशक, पुलिस अधीक्षक, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और सभी रिटर्निंग अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।

6.निर्वाचन व्यय की निगरानी

चुनाव के दौरान प्रत्याशियों और निर्वाचन से संबंधित खर्चों की निगरानी के लिए मुख्य कोषाधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। सभी रिटर्निंग अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, आयकर अधिकारी, कोषाधिकारी हल्द्वानी एवं नैनीताल और सभी उपकोषाधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

7.मतपत्र एवं डाक मतपत्र प्रबंधन

मतपत्र और डाक मतपत्रों से संबंधित व्यवस्थाओं के लिए नगर आयुक्त नगर निगम को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। सभी रिटर्निंग अधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी नैनीताल, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी और सिंचाई विभाग रामनगर के सहायक अभियंता विशाल प्रसाद को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।

8.ETPBS का प्रबंधन

इलेक्ट्रॉनिकली ट्रांसमिटेड पोस्टल बैलेट सिस्टम (ETPBS) के माध्यम से डाक मतपत्रों की प्राप्ति, वितरण और प्रेषण की जिम्मेदारी जिला सूचना विज्ञान अधिकारी और सिंचाई विभाग रामनगर के सहायक अभियंता विशाल प्रसाद को नोडल अधिकारी के रूप में दी गई है। सहायक जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।

9.लेखन सामग्री एवं प्रपत्रों की छपाई

चुनाव में इस्तेमाल होने वाली लेखन सामग्री और आवश्यक प्रपत्रों की छपाई के लिए वरिष्ठ कीट एवं मौनपालन केंद्र ज्योलीकोट को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। खंड विकास अधिकारी हल्द्वानी, सहायक खंड विकास अधिकारी हल्द्वानी और आलू विकास अधिकारी भीमताल को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।

10.मीडिया सेल, MCMC और पेड न्यूज की निगरानी

चुनाव के दौरान मीडिया सेल, मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमेटी (MCMC) और पेड न्यूज की निगरानी के लिए अधीक्षण अभियंता पेयजल निगम तथा सहायक परियोजना अधिकारी ग्राम विकास को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिला सूचना अधिकारी और ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

11.कंप्यूटराइजेशन एवं मोबाइल एप्लीकेशन

चुनाव से संबंधित कंप्यूटराइजेशन, मोबाइल एप और आईटी एप्लीकेशन के संचालन के लिए जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर और महाप्रबंधक उद्योग को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।

12.स्वीप कार्यक्रम एवं मतदाता जागरूकता

मतदाताओं को जागरूक करने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित स्वीप कार्यक्रम के लिए मुख्य विकास अधिकारी और निदेशक उच्च शिक्षा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक, सभी उप शिक्षा अधिकारियों और सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अधिकारियों को सख्त निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन करें। सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करेंगे और कार्यों की प्रगति से समय-समय पर जिला निर्वाचन अधिकारी को अवगत कराएंगे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता मिलने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होंगे।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad
Breaking News