MBPG चुनाव नॉमिनेशन में हुड़दंग पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के दौरान 25 सितंबर को हुए शक्ति प्रदर्शन और रैलियों ने शहर की यातायात व्यवस्था के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को भी चुनौती के सामने खड़ा कर दिया। प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की ओर से निकाली गई रैलियों के दौरान नैनीताल रोड और कॉलेज के आसपास भारी भीड़ और वाहनों के जमावड़े से जाम की स्थिति बनी, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अब नैनीताल पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, नामांकन के दौरान विधि-विरुद्ध रैलियां निकालने, लोक सेवकों के विधिसम्मत आदेशों का उल्लंघन करने, यातायात बाधित करने और लापरवाही एवं उपेक्षापूर्वक वाहन चलाने के आरोपों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
पुलिस अब घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिन लोगों की भूमिका कानून-व्यवस्था बिगाड़ने में सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
‘ट्रबलमेकर्स’ पर भी नजर
आगामी छात्रसंघ चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने संभावित ‘ट्रबलमेकर्स’ की सूची भी तैयार की है। पुलिस के मुताबिक, ऐसे लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई शुरू की जा रही है, ताकि चुनाव के अगले चरणों में किसी तरह की हिंसा, अराजकता या गंभीर अपराध की स्थिति पैदा न हो।
एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल ने स्पष्ट किया है कि छात्रसंघ चुनाव की आड़ में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। शांति भंग करने या सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





