हल्द्वानी_ मताधिकार की रक्षा और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर हल्द्वानी महानगर कांग्रेस ने गुरुवार को ‘वोट बचाओ–देश बचाओ–लोकतंत्र बचाओ’ जनजागरण मार्च निकाला। विधायक सुमित हृदयेश और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता तिकोनिया स्थित बुद्ध पार्क से एसडीएम कोर्ट तक पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और मताधिकार की सुरक्षा के समर्थन में नारे लगाए।
‘हर वोट लोकतंत्र की ताकत है’
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि जनता का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और मताधिकार से किसी भी तरह का खिलवाड़ लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा गंभीर सवाल है। उन्होंने मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों पर निर्वाचन आयोग से स्पष्ट, पारदर्शी और तथ्यात्मक जवाब देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अपनी पसंद की सरकार चुनने का अधिकार देता है। कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इस अधिकार की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक मुद्दों पर कांग्रेस की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
बूथ और वार्ड स्तर तक चलेगा जागरूकता अभियान
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत मतदान के अधिकार की रक्षा करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा समस्याओं का पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ और वार्ड स्तर पर अभियान चलाकर लोगों को अपने और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचने के लिए जागरूक करेंगे। सूची में किसी भी तरह की विसंगति मिलने पर संबंधित अधिकारियों तक जानकारी पहुंचाने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी हैं। इसी उद्देश्य से ‘वोट बचाओ देश बचाओ लोकतंत्र बचाओ’ अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया है।
मार्च में प्रदेश उपाध्यक्ष मधु सांगुड़ी, प्रदेश महासचिव भागीरथी बिष्ट, प्रदेश सचिव हिमांशु जोशी और कानू बिष्ट, जिला महामंत्री मलय बिष्ट, ब्लॉक अध्यक्ष मोहन बिष्ट और जाकिर हुसैन, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुमित कुमार, विधायक प्रतिनिधि जीवन कार्की, BLA-1 डॉ. मयंक भट्ट, एससी विभाग महानगर अध्यक्ष शंकर कोहली, पार्षद मोना शर्मा, मोहम्मद गुफरान और नीमा भट्ट सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।







