नैनीताल:उत्तराखंड के नैनीताल जिले में कोसी नदी के तेज बहाव में बहे 16 वर्षीय दीपक कुमार की तलाश लगातार जारी है। नदी किनारे दोस्तों के साथ फोटो खींचने गए दीपक का पैर फिसलने से वह तेज धारा में बह गया। घटना के बाद से परिवार की उम्मीदें अपने लापता बेटे की सकुशल वापसी पर टिकी हैं।
प्रशासन के अनुसार, 7 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे बेतालघाट तहसील के ग्राम रोपा में यह हादसा हुआ। ग्राम बिनकोट निवासी दीपक कुमार पुत्र भुवन चंद्र अपने तीन दोस्तों के साथ कोसी नदी किनारे फोटो खींचने गया था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नदी में बह गया। दोस्तों ने तत्काल इसकी सूचना दी, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया।
उपजिलाधिकारी कैंची धाम अनुराग आर्य के अनुसार, SDRF की टीम नदी में लगातार सर्च अभियान चला रही है। तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मानसून के बाद भी नदियों का बहाव खतरनाक हो सकता है। नदी किनारे, चट्टानों और फिसलन वाली जगहों पर फोटो या सेल्फी लेने से बचें। अभिभावक बच्चों को नदी-नालों के पास अकेले न जाने दें। किसी भी आपात स्थिति में आपदा कंट्रोल रूम या डायल 112 पर सूचना दें।







