Nainitallive
हल्द्वानी/नैनीताल। सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और लोगों की जान बचाने के उद्देश्य से नैनीताल जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अब जिले में ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ नियम प्रभावी रूप से लागू कर दिया गया है। यानी बिना हेलमेट के पेट्रोल पंप पर पहुंचने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडे ने जिला पूर्ति अधिकारी को आवश्यक निर्देश जारी किए, जिसके बाद जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर इस नियम का पालन शुरू कर दिया गया है।
प्रशासन ने पेट्रोल पंपों पर ‘No Helmet, No Petrol’के बड़े-बड़े जागरूकता बोर्ड भी लगवा दिए हैं, ताकि वाहन चालकों को पहले से ही नियम की जानकारी मिल सके। परिवहन विभाग और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से इस अभियान की लगातार निगरानी भी कर रहे हैं।
यही नहीं, नैनीताल जनपद के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर टैक्सी और बाइक रेंटल से जुड़े प्रतिबंधों की जानकारी देने वाले सूचना बोर्ड भी स्थापित किए गए हैं। इनका उद्देश्य पर्यटकों और बाहरी वाहन चालकों को जिले में लागू नियमों की पहले से जानकारी देना है, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
आरटीओ अरविंद पांडे ने बताया कि हाल के दिनों में दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में मौत और गंभीर रूप से घायल होने के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। जांच में सामने आया कि अधिकांश मामलों में वाहन चालक हेलमेट नहीं पहने हुए थे। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए सड़क सुरक्षा के हित में यह निर्णय लिया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि उन्हें हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करना है। प्रशासन का मानना है कि यदि लोग नियमित रूप से हेलमेट पहनेंगे तो सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
NoHelmetNoPetrol
RoadSafetyFirst
HelmetSavesLives
RideSafeIndia
SafeRoadsSafeLives





