नैनीताल की सबसे अहम सड़कों में शामिल मॉल रोड के पुनर्निर्माण का काम अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। पिछले साल क्षतिग्रस्त हुई मॉल रोड को मजबूत और लंबे समय तक टिकाऊ बनाने के लिए प्रशासन ने तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से नए डिजाइन के साथ निर्माण कार्य शुरू कराया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मॉल रोड नैनीताल की लाइफलाइन है और यहां से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों की भी बड़ी संख्या में आवाजाही होती है। इसलिए सड़क का पुनर्निर्माण सिर्फ जल्दबाजी में नहीं, बल्कि मजबूत और टिकाऊ तरीके से किया जा रहा है।
जिलाधिकारी के अनुसार निर्माण कार्य में लगाए जाने वाले 122 एंकर का काम पूरा हो चुका है। इसके साथ ही ग्राउंडिंग का काम भी पूरा कर लिया गया है।
फिलहाल पाइलिंग का काम जारी है। कुल 51 पाइलिंग में से 36 पूरी हो चुकी हैं। पाइलिंग का काम पूरा होने के बाद अगले चरण में स्लैब निर्माण किया जाएगा।
THDC ने तैयार किया नया डिजाइन
मॉल रोड को भविष्य में और मजबूत बनाने के लिए THDC द्वारा तकनीकी सर्वेक्षण कराया गया। विशेषज्ञों की राय और तकनीकी अध्ययन के आधार पर सड़क के पुनर्निर्माण के लिए नया डिजाइन तैयार किया गया है।
वर्तमान में लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। प्रशासन का जोर निर्माण की गति के साथ-साथ उसकी गुणवत्ता पर भी है।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और मजबूती से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।उन्होंने कहा कि काम निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि लोगों को जल्द से जल्द सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
प्रशासन का कहना है कि मॉल रोड का पुनर्निर्माण नैनीताल की यातायात व्यवस्था और शहर की कनेक्टिविटी के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।





