Nainital_ कल बंद रहेंगे सभी स्कूल_भारी बारिश का RED ALERT

खबर शेयर करें -

Nainitallive

नैनीताल। मौसम विभाग के RED ALERT और भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 26 सितंबर, शनिवार को जिले के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने का आदेश जारी किया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 25 सितंबर को जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 26 सितंबर को नैनीताल जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर के चलते नदी-नालों और गधेरों में अचानक जलस्तर बढ़ने के साथ संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी जताया गया है।

इन्हीं संभावित खतरों को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने जिले में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

खास बात यह है कि अवकाश केवल बच्चों तक सीमित नहीं रहेगा। आदेश के तहत विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।

हालांकि, नैनीताल शहर में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों को इस आदेश से बाहर रखा गया है, जहां विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई और रहने की व्यवस्था एक ही परिसर में उपलब्ध है।

जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

HeavyRainAlert #SchoolClosed

NainitalNews #WeatherUpdate #Haldwani

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad
Breaking News