56.25 लाख के 256 खोए मोबाइल लौटाकर नैनीताल पुलिस ने जीता लोगों का दिल

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। अगर आपका मोबाइल कहीं खो जाए और महीनों बाद वह दोबारा आपके हाथ में लौट आए, तो इससे बड़ी खुशी शायद ही कोई और हो। कुछ ऐसा ही अहसास नैनीताल जिले के 256 लोगों ने किया, जब नैनीताल पुलिस ने उनकी उम्मीदों को हकीकत में बदलते हुए 56.25 लाख रुपये से अधिक कीमत के 256 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित मोबाइल ऐप एवं साइबर सेल टीम ने अप्रैल 2026 से 24 जून 2026 के बीच नैनीताल पुलिस मोबाइल ऐप और CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की। तकनीकी जांच और IMEI ट्रैकिंग के जरिए पुलिस ने देश के 12 राज्यों—उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से कुल 256 मोबाइल फोन बरामद किए।

इस अभियान का संचालन एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र एवं एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के मार्गदर्शन में हुआ। वहीं क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन/हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा मोबाइल ऐप (साइबर सेल) प्रभारी उपनिरीक्षक मीनू गौतम के नेतृत्व में टीम ने दिन-रात मेहनत कर इस उल्लेखनीय सफलता को हासिल किया।

बरामद मोबाइलों में 4 आईफोन, 35 सैमसंग, 59 ओप्पो, 50 वीवो, 26 रियलमी, 19 रेडमी, 14 पोको, 10 वनप्लस, 10 मोटोरोला, 10 इंफिनिक्स, 6 टेक्नो, 5 लावा, 5 आईटेल और 3 आईक्यू समेत विभिन्न ब्रांड के स्मार्टफोन शामिल हैं। इन सभी की कुल अनुमानित कीमत 56 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।

जब लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस मिले तो उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। सभी ने नैनीताल पुलिस और SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की इस जनहितकारी पहल की जमकर सराहना की।

इस शानदार उपलब्धि के लिए उपनिरीक्षक मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर और कांस्टेबल रामचन्द्र प्रजापति की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पूरी मोबाइल रिकवरी टीम को 2,500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा भी की है।

यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि आधुनिक तकनीक, त्वरित कार्रवाई और समर्पित पुलिसिंग से आम जनता का भरोसा और भी मजबूत होता है।

NainitalPolice #MobileRecovery #CyberCell #PublicTrust #Nainitallive

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad
Breaking News