NEET Re-Exam पर नैनीताल पुलिस का कड़ा पहरा_SSP ने जारी किए सख्त निर्देश

खबर शेयर करें -

Nainitallive

हल्द्वानी। NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था तैयार कर ली है। रविवार, 21 जून को आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल या सॉल्वर गैंग की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने बहुस्तरीय सुरक्षा कवच तैयार किया है।

जनपद के हल्द्वानी, लालकुआं, बनभूलपुरा और मुखानी क्षेत्र में स्थित कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 4080 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी।

एसएसपी ने संभाली कमान, ड्यूटीरत पुलिस बल को किया ब्रीफ

परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने हल्द्वानी कोतवाली सभागार में ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष ब्रीफिंग ली। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

5 जोन, 11 सेक्टर और भारी सुरक्षा तैनाती

परीक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल को नोडल अधिकारी बनाया गया है। पूरे परीक्षा क्षेत्र को 5 जोन और 11 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।

केंद्रों के भीतर और बाहर पुलिस, महिला पुलिस, एलआईयू, होमगार्ड और CAPF जवानों की तैनाती की गई है। प्रश्नपत्रों की सुरक्षित आवाजाही के लिए विशेष पुलिस एस्कॉर्ट भी लगाया गया है।

ब्लूटूथ से लेकर हिडन डिवाइस तक पर नजर

इस बार परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों और परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों की भी सघन जांच होगी। DFMD, HHMD और मेटल डिटेक्टर के साथ-साथ टॉर्च के माध्यम से सूक्ष्म ब्लूटूथ और ईयर डिवाइस की भी जांच की जाएगी।

मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन, लैपटॉप, टैबलेट, कैलकुलेटर अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र में ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

जैमर, CCTV और बायोमेट्रिक निगरानी

सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर सिस्टम सक्रिय रहेगा। साथ ही CCTV कैमरों और बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना समाप्त की जा सके।

सॉल्वर गैंग और नकल माफिया पर शिकंजा

पुलिस की विशेष टीमें सॉल्वर गैंग, नकल माफिया और परीक्षा से जुड़े किसी भी संगठित नेटवर्क पर लगातार नजर बनाए रखेंगी। एसओजी, साइबर सेल और एलआईयू को विशेष रूप से सक्रिय किया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं की भी निगरानी की जा रही है।

100 मीटर दायरे में रहेगा प्रतिबंध

परीक्षा केंद्रों के आसपास 100 मीटर की परिधि में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू रहेंगे। इस क्षेत्र में धरना-प्रदर्शन, लाउडस्पीकर अथवा किसी भी प्रकार की व्यवधानकारी गतिविधि की अनुमति नहीं होगी।

पुलिस ने होटल, रिजॉर्ट, गेस्ट हाउस, ढाबों, साइबर कैफे और फोटोकॉपी दुकानों की भी सघन जांच के निर्देश दिए हैं। सभी बैरियरों पर रात से ही चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

महिला अभ्यर्थियों के लिए विशेष व्यवस्था

महिला परीक्षार्थियों की गरिमा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनकी जांच महिला पुलिस कर्मियों द्वारा पृथक एनक्लोजर में की जाएगी।

यातायात रहेगा सुचारू

परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस, सीपीयू और डायल-112 की टीमें लगातार सक्रिय रहेंगी। सभी सेक्टर अधिकारी सुबह 9 बजे से ही अपने-अपने क्षेत्रों में मोर्चा संभाल लेंगे।

पुलिस की अपील

नैनीताल पुलिस ने सभी अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, परीक्षा संबंधी नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि परीक्षा की निष्पक्षता और गोपनीयता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

NEETUG2026 #NEETReExam2026 #NainitalPolice #ExamSecurity #AntiCheatingDrive #TransparentExamination

Breaking News