Nainitallive
सड़क पर अचानक सामने आया विशालकाय हाथी और पलक झपकते ही जिंदगी मौत के बीच फंस गया एक बाइक सवार…
देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट के पास देर रात एक हाथी ने बुलेट सवार युवक पर हमला कर दिया। हाथी की टक्कर से युवक सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद हाथी ने उसे उठने तक नहीं दिया। कभी जांघ पर पैर रखकर दबाया तो कभी लात मारकर फिर सड़क पर गिरा दिया। मौके पर मौजूद लोगों की चीख-पुकार के बीच हाथी का यह हमला कैमरे में कैद हो गया। गनीमत रही कि लोगों के शोर मचाने पर हाथी वहां से हट गया और युवक की जान बच गई।
घटना डोईवाला क्षेत्र में जौलीग्रांट एयरपोर्ट के पास की है। देर रात जंगल से निकलकर हाथी सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहा बुलेट सवार युवक उसकी चपेट में आ गया। हाथी की टक्कर से युवक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा।
सड़क पर गिरे युवक ने उठने की कोशिश की, लेकिन हाथी उसे बार-बार पैरों से दबाकर गिराता रहा। उसने युवक की जांघ पर पैर रखा और दो बार लात भी मारी। यह खौफनाक मंजर देखकर राहगीरों की चीख निकल गई। वीडियो में एक महिला की आवाज सुनाई देती है- ‘ओ मां, मार डाला!’
युवक की जान खतरे में देखकर आसपास मौजूद लोगों ने एक साथ शोर मचाना शुरू कर दिया। लगातार चीख-पुकार सुनकर हाथी वहां से हटने लगा। इस दौरान उसने युवक के पेट पर पैर रखा और हाईवे की सेफ्टी ग्रिल पार कर जंगल की ओर चला गया। इसके बाद लोगों ने युवक को संभाला। मौके पर मौजूद कार सवार युवक-युवती कहते सुनाई दिए- ‘लकी आदमी था, बच गया।’
घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जौलीग्रांट एयरपोर्ट और आसपास का क्षेत्र हाथियों की आवाजाही के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। इस घटना ने एक बार फिर रात के समय इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
JollyGrant #ViralVideo #ElephantAttack #UttarakhandWildlifeAlert







