नैनीताल में होली जुलूस ने बिखेरे रंग_ जमकर उड़ा अबीर गुलाल, होलिका दहन..

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के नैनीताल में होली जुलूस के दौरान एक कुंतल अबीर गुलाल और फूल खुशियां मनाते हुए हवा में उड़ाए गए। राम सेवकसभा के जुलूस में छोटे से बड़े हर उम्र के लोगों ने जमकर होली खेली। होली के रंगों का महत्व भी बताया गया।


नैनीताल के मल्लीताल में आज राम सेवक सभा द्वारा अयोजित रंग जुलूस में खासी भीड़ देखने को मिली। मल्लीताल बाजार के रामलीला स्टेज से शुरू हुए जुलूस में बच्चे, युवा, अधेड़ और बुजुर्गों ने भाग लिया। इसमें पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी बराबरी का हिस्सा लिया। जुलूस आर्य समाज मंदिर होते हुए मल्लीताल की सभी बाजारों को पार कर वापस राम सेवकसभा भवन पहुंचा।

इस दौरान, होलियारों ने जमकर नृत्य भी किया। जलूस में एक कुंतल रंग बिखरा और रंग के साथ फूलों की होली भी खेली गई। शाम को पूजन के बाद होली दहन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक शामिल हुए। इसके बाद प्रसाद वितरण हुआ।


सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि होली के रंग प्यार, भाईचारे और नई शुरुआत के प्रतीक हैं। ये जीवन में खुशी और उमंग भरते हैं और सकारात्मकता का संचार करते हैं। साथ ही पुराने गिले-शिकवे मिटाकर सामाजिक एकता को मजबूत बनाते हैं। हर रंग का एक विशेष आध्यात्मिक और मनोवैज्ञानिक अर्थ है, जो जीवन के विभिन्न पहलुओं का प्रतिनिधित्व करता है। इसमें, लाल रंग: प्यार, जोश, साहस और ऊर्जा का प्रतीक है। यह विवाह और उर्वरता को भी दर्शाता है।


पीला रंग ज्ञान, खुशी और विद्या का प्रतीक है। यह हल्दी का रंग है, जो औषधीय गुणों के लिए जाना जाता है।
नीला रंग भगवान कृष्ण का प्रतिनिधित्व करता है और शांति, स्थिरता तथा दिव्य सुरक्षा का प्रतीक है।


हरा रंग प्रकृति, नई शुरुआत, जीवंतता और वसंत के आगमन का प्रतीक है।


गुलाबी/गुलाबी रंग स्नेह, दयालुता और आपसी जुड़ाव को बढ़ावा देता है।


नारंगी रंग उत्साह, पवित्र ऊर्जा और रचनात्मकता को जगाता है और बैंगनी रंग ज्ञान और रचनात्मकता को दर्शाता है।


जुलूस में रक्षित साह ने “बुराशी का फूला, हो हो सो नखरे होली लाग रे”, “हो मुबारक मंजर फोलो भरी ऐसे होली खेले जनाबे अली” आदि होली के गाने गाकर माहौल को त्योहारमय कर दिया।


जलूस में विधायक सरिता आर्य, दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य, पूर्व सांसद डॉ.महेंद्र पाल, डॉ.कपिल जोशी, अध्यक्ष श्रीराम सेवक सभा मनोज लाल साह, महासचिव जगदीश चंद्र बवाड़ी, प्रबंधक विमल चौधरी, उपाध्यक्ष अशोक शाह, पूर्व महासचिव राजेंद्र लाल साह, पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी मंटू, मोहित लाल साह, भीम सिंह कार्की, कैलाश बोरा आशु, हरीश सिंह राणा, राजेंद्र सिंह बजेठा, गिरीश भट्ट, मिथिलेश पांडे, आनंद सिंह बिष्ट, गोविंद सिंह, अदिति खुराना, हिमांशु जोशी, सुमन साह, प्रॉफ ललित तिवारी आदि उपस्थित रहे।

Breaking News