हल्द्वानी के शनि बाजार रोड पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। मुरादाबाद निवासी हादिया अपने मामा के घर छुट्टियां बिताने आई थी। शाम को स्कूटी से घर लौटते समय वह एक कैंटर की चपेट में आ गई। हादसे में उसका सिर वाहन के पिछले टायर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और लोगों ने कैंटर पर पथराव कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
सीओ अमित सैनी समेत पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। हादसे से परिजनों में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।




