कुत्तों के हिंसक बर्ताव के चलते बच्चों की सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ा फैसला लिया गया है। चमोली जिले के नारायणबगड़ क्षेत्र में आवारा और हिंसक कुत्तों का आतंक इतना बढ़ गया है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए 10 स्कूलों को चार दिनों के लिए बंद करने का फैसला लिया गया है। स्कूलों में 20 से 23 अगस्त 2026 तक छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश रहेगा। इस दौरान बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन कराई जाएगी।
बताया गया है कि क्षेत्र में हिंसक कुत्तों के लगातार घूमने और बच्चों के लिए खतरा पैदा होने की शिकायतों के बाद यह निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी चमोली के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों ने छात्रहित में स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
इस दौरान टीम कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चला रही है ताकि इलाके में स्थिति को नियंत्रित किया जा सके और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
ये 10 स्कूल रहेंगे बंद
1.रा०आ०इ०का० नारायणबगड़
2.रा०बा०इ०का० नारायणबगड़
3.सरस्वती शिशु मंदिर नारायणबगड़
4.उत्तरांचल विद्या निकेतन नारायणबगड़
5.रा०प्रा०वि० नारायणबगड़
6.श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल पंती
7.रा०प्रा०वि० नलगांव
8.रा०उ०प्रा०वि० नलगांव
9.मॉडर्न चिल्ड्रन एकेडमी नारायणबगड़
10.उत्तराखंड विद्यालय निकेतन नारायणबगड़
बच्चों की सुरक्षा के लिए पहली बार चार दिन तक स्कूल बंद रखने का यह फैसला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब कार्रवाई पर सभी की नजरें हैं कि हिंसक कुत्तों के आतंक से लोगों को कब तक राहत मिलती है।





