52वें रानीखेत उर्स मुबारक में रंगों, विचारों और संस्कारों ने बिखेरी प्रतिभा की चमक

खबर शेयर करें -

रानीखेत। कौमी एकता, भाईचारे, प्रेम और इंसानियत का संदेश देने वाला 52वां रानीखेत उर्स मुबारक श्रद्धा, सौहार्द और उत्साह के वातावरण में संपन्न हो गया। कई दिनों तक चले इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन ने एक बार फिर रानीखेत की गंगा-जमुनी तहज़ीब और सामाजिक समरसता की खूबसूरत तस्वीर पेश की।

समापन अवसर पर आयोजित निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

निबंध लेखन प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग (कक्षा 6 से 8) में हरिप्रीत सिंह ने प्रथम, बबीता नेगी ने द्वितीय तथा आराध्या एवं साहवी बिष्ट ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं वरिष्ठ वर्ग (कक्षा 9 से 12) में गार्गी रावत ने प्रथम, आराध्या लाल ने द्वितीय तथा अजमी एवं नेहा बिष्ट ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।

चित्रकला प्रतियोगिता के सब जूनियर वर्ग में प्रायंशी चैतन्य एम. ने प्रथम, रिधान भंडारी ने द्वितीय तथा हर्षित जोशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में कुमुद बिष्ट प्रथम, दिव्यांशी बिष्ट द्वितीय तथा मोहम्मद शादान एवं मोहम्मद अरहम खान संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। सीनियर वर्ग में लविश खेतवाल प्रथम, लक्ष्य रावत द्वितीय तथा नेहा गहतोड़ी एवं मरिया रकीब संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।

समापन समारोह में संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत दीक्षिता जोशी (आईएएस) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और सभी प्रतिभागियों की सृजनात्मक क्षमता की सराहना की। कार्यक्रम में नगरपालिका रानीखेत-चिलियानौला के अध्यक्ष अरुण रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

इस अवसर पर संजय पंत, गणेश जोशी, मनोज पाठक सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।

उर्स प्रबंधन समिति के प्रबंधक एवं ख़ादिम मोहम्मद मोहसिन ने उर्स मुबारक को सफल, शांतिपूर्ण और भव्य बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने शासन-प्रशासन, कुमाऊं रेजीमेंटल सेंटर, छावनी परिषद, पुलिस प्रशासन, मीडिया कर्मियों, स्वयंसेवकों तथा रानीखेत की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और आपसी सद्भाव ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।

उन्होंने कहा कि रानीखेत उर्स मुबारक केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक समन्वय का प्रतीक है, जो समाज को प्रेम, सौहार्द और मानवता का संदेश देता है।

Breaking News