गीजर ठीक करने आया और अलमारी साफ कर गया_ 5 तोला सोना और ₹2.29 लाख बरामद..haldwani

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। घर में गीजर ठीक करने के बहाने घुसकर चोरी करने वाले आरोपी को हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 5 तोला सोने के कड़े और ₹2 लाख 29 हजार नकद बरामद किए हैं। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, गुरुनानकपुरा निवासी अतुल नागपाल ने 25 नवंबर को कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को आसिफ नाम का व्यक्ति उनके घर गीजर ठीक करने के बहाने आया था। इसी दौरान उसने घर की अलमारी से सोने के जेवर चोरी कर लिए।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी के जरिए आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र शमीम अहमद के रूप में की।

पुलिस टीम ने 26 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किए गए दो पीली धातु के कड़े, जिनका वजन करीब 5 तोला बताया गया है, और ₹2,29,000 नकद बरामद किए गए। बरामदगी के बाद मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।

गिरफ्तार आरोपी

आसिफ पुत्र शमीम अहमद (33 वर्ष), निवासी लाइन नंबर-18, आजाद नगर, चोरगलिया रोड, थाना बनभूलपुरा, नैनीताल।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad
Breaking News