9 अक्टूबर को हल्द्वानी में जुटेंगे व्यापारी_ मुख्यमंत्री संवाद के साथ होगा प्रांतीय व्यापारिक सम्मेलन
हल्द्वानी। प्रान्तीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रस्तावित प्रांतीय सम्मेलन एवं मुख्यमंत्री संवाद कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापार मंडल ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा ने शनिवार को जिला नैनीताल की विभिन्न नगर इकाइयों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और कार्यक्रम को लेकर अलग-अलग पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं।
प्रस्तावित कार्यक्रम 9 अक्टूबर को हल्द्वानी स्थित मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित किया जाना है। बैठक में सम्मेलन की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और जिले एवं नगर इकाइयों के पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवास व्यवस्था की जिम्मेदारी मदन फर्त्याल, रैली व्यवस्था नवनीत राणा, भोजन व्यवस्था हर्ष वर्धन पांडे, पंजीकरण व्यवस्था जिला महिला अध्यक्ष कुसुम दिगारी एवं प्रदेश मंत्री शांति जीना, अतिथि स्वागत की जिम्मेदारी विपिन गुप्ता, विशिष्ट अतिथि व्यवस्था चंद्रशेखर पंत, स्मारिका प्रकाशन रवैल सिंह आनंद और वित्त व्यवस्था राजेश अग्रवाल को सौंपी गई।
प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा ने व्यवस्था प्रभारियों से कहा कि वे जिले की सभी नगर इकाइयों को साथ लेकर अपनी-अपनी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करें, ताकि सम्मेलन में आने वाले व्यापारियों और अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में सम्मेलन के मुख्य संयोजक प्रमोद गोयल ने भी सभी पदाधिकारियों से अपने बहुमूल्य समय और सक्रिय सहयोग के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सम्मेलन व्यापारियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच होगा, जहां उनकी अपेक्षाओं और विषयों को प्रभावी ढंग से सामने रखने का अवसर मिलेगा।
बैठक में जिला संरक्षक अब्दुल कवि, सह कुमाऊं प्रभारी अखिलेश सेमवाल, युवा जिलाध्यक्ष प्रदीप सब्बरवाल, महानगर अध्यक्ष योगेश शर्मा, लालकुआं अध्यक्ष दीवान बिष्ट, हल्दूचौड़ अध्यक्ष हिमांशु धामी, मोटाहल्दू अध्यक्ष संदीप पांडे, कालाढूंगी अध्यक्ष राजेश गोयल, भीमताल अध्यक्ष पंकज जोशी, देवलचौड़ प्रभारी पंकज प्रफुल्ल पांडे, मुखानी-कुसुमखेड़ा अध्यक्ष भास्कर त्रिपाठी, काठगोदाम अध्यक्ष गोविंद भाकुनी सहित संगठन के जिला, युवा जिला, महानगर और महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पदाधिकारियों को अधिक से अधिक व्यापारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। संगठन का लक्ष्य है कि 9 अक्टूबर का सम्मेलन व्यापारिक एकजुटता, संवाद और सहभागिता का प्रभावी मंच बने।





