देहरादून। दो दिन के ब्रेक के बाद उत्तराखंड में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 11 से 13 सितंबर के बीच कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
11 सितंबर को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं 12 सितंबर को देहरादून, बागेश्वर और उत्तरकाशी तथा 13 सितंबर को बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं। नैनीताल, भीमताल, भवाली और मुक्तेश्वर में घने बादल और कोहरे के साथ तेज बारिश की संभावना है।
वहीं पिथौरागढ़ और बागेश्वर के संवेदनशील पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। भागीरथी और भिलंगना नदियों के जलस्तर पर भी निगरानी रखी जा रही है। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों और यात्रियों को मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है।





