
हल्द्वानी। भारत रत्न एवं महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से कांग्रेस भवन स्वराज आश्रम में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेसजनों ने पंत जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा और जनहित के लिए समर्पित रहा। स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर स्वतंत्र भारत के निर्माण तक उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और आम जनता के अधिकारों के लिए हमेशा आवाज उठाई।
महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि पंत जी उत्तराखंड की धरती के महान सपूत थे। उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए कुमाऊं और उत्तराखंड के हितों को भी प्राथमिकता दी। उनके विचार आज भी जनसेवा की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत बगड़वाल, हरीश मेहता, मधु सांगुड़ी, भगवती बिष्ट, रेनू तोमर, किरन माहरा, मोहन बिष्ट, देवेंद्र चुनौतिया, रंजीत डसीला, हेम जोशी व मनोज भट्ट सहित कई कांग्रेसजन मौजूद रहे।




