उत्तराखण्ड में नैनीताल के बेतालघाट बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो राज्य सरकार से ‘टीचर दो’ की मांग कर रही हैं। अध्यापकों की कमी से पररेशन छात्राओं ने आखिरकार उठाई आवाज। छात्राओं ने छुट्टी के बाद शिव मंदिर प्रांगण में सांकेतिक प्रदर्शन किया और वर्षों से रिक्त पदों को भरने कि मांग की।
नैनीताल जिले में बेतालघाट गांव स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में लंबे समय से अध्यापकों के पद रिक्त होने से छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिक्षकों की कमी से परेशान कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं की छात्राओं ने गुरुवार को विद्यालय की छुट्टी के बाद शिव मंदिर प्रांगण में जमा होकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। अभिभावक संघ के अध्यक्ष के नेतृत्व में छात्राओं ने शिक्षा विभाग और सरकार से शिक्षकों की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब विद्यालय में शिक्षक ही नहीं होंगे तो बेटियों की शिक्षा कैसे पूरी होगी ?
विद्यालय में इंटर में प्रवक्ता के सभी 9 पद रिक्त हैं, जबकि स्नातक पर स्वीकृत 10 पदों में 5 पद रिक्त हैं। कुछ विषयों की पढ़ाई तो अतिथि और पी.टी.आर.शिक्षकों के भरौसे हो रही है। परिजनों ने कहा कि जिन बेटियों को कॉपी किताब लेकर विद्यालय में पढ़ने जाना चाहिए, आज उन्हें अपने अधिकार के लिए धरना प्रदर्शन कर आवाज उठानी पड़ रही है। छात्राओं का यह सांकेतिक प्रदर्शन सरकार और शिक्षा विभाग के लिए बड़ा संदेश है। उन्होंने सरकार से सभी रिक्त पदों पर तत्काल शिक्षकों की नियुक्ति करने को कहा है।




