मुख्यमंत्री के निर्देश पर सचिवों का ग्राम भ्रमण, जनसमस्याओं का लिया गया संज्ञान

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी/ देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत राज्य सरकार के सचिवों द्वारा ग्रामों का नियमित भ्रमण जारी है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि सरकारी योजनाओं का लाभ जनता तक सही रूप से पहुँच रहा है। इस कड़ी में अपर सचिव परिवहन एवं नियोजन रीना जोशी ने रामनगर और हल्द्वानी के ग्रामीण क्षेत्रों, विशेषकर फतेहपुर और गुजरौड़ा का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। गुजरौड़ा में ग्रामीणों ने उन्हें सूचित किया कि जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई जल लाइन में लगभग एक वर्ष से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। इस पर रीना जोशी ने जल जीवन मिशन के अधिकारियों को निर्देशित किया कि 15 मई तक जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेताया कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर पानी की आपूर्ति नहीं होती है, तो ग्राम प्रधान को इसकी सूचना देने को कहां और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा, फतेहपुर ग्राम सभा में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नवनिर्मित भवनों और पेयजल टैंक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जाए ताकि अंतिम व्यक्ति तक इनका लाभ पहुँच सके।

निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, खण्ड विकास अधिकारी तनवीर असगर, जिला बाल विकास अधिकारी अनुलेखा बिष्ट एवं क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी डी.एन. काण्डपाल भी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTSAd
Breaking News