हल्द्वानी : वेतन नहीं,नौकरी में स्थायित्व नहीं_ उपनल कर्मचारियों का फूटा आक्रोश,अब आंदोलन होगा..

खबर शेयर करें -

उपनल कर्मचारियों का फूटा आक्रोश, मेडिकल कॉलेज में प्रदर्शन कर जताया रोष,मेडिकल प्रशासन पर लगाया दोहरे मापदंड अपनाने और उत्पीड़न का आरोप


हल्द्वानी। सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज में कार्यरत उपनल कर्मचारियों ने सोमवार को बकाया वेतन और नियमितिकरण की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। तीन महीने से वेतन न मिलने से परेशान कर्मचारियों ने सरकार और प्रशासन के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया और मेडिकल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।

कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले 15 से 20 वर्षों से मेडिकल कॉलेज में सेवाएं दे रहे हैं, इसके बावजूद आज तक न तो उनके पद सृजित किए गए और न ही उन्हें नियमित किया गया। इस अनदेखी से वे आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हैं। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने बताया कि लगातार तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने घरेलू समस्याएं खड़ी हो गई हैं, बच्चों की पढ़ाई से लेकर घर का खर्च तक चलाना मुश्किल हो गया है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मेडिकल प्रशासन आउटसोर्सिंग के जरिए नए लोगों की भर्ती तो कर रहा है, लेकिन वर्षों से सेवा दे रहे उपनल कर्मचारियों की उपेक्षा की जा रही है। कर्मचारियों ने प्रशासन पर दोहरे मापदंड अपनाने और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन तेज करेंगे।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार से भी गुहार लगाई कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि वे सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकें।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad
Breaking News