हल्द्वानी। उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक व्यंजनों और हरेला पर्व की खुशियों को समर्पित एक भव्य सांस्कृतिक आयोजन 8 अगस्त (शनिवार) को हल्द्वानी में होने जा रहा है। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, महिला प्रकोष्ठ, जिला नैनीताल के तत्वावधान में परिणय वाटिका बैंक्वेट हॉल में शाम 3 बजे से’हरेला क्वीन’, ‘सावन क्वीन’ एवं ‘कुमाऊँनी व्यंजन प्रतियोगिता’ का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती के करकमलों द्वारा किया जाएगा।
महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष कुसुम दिगारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि आयोजन का उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध कुमाऊँनी संस्कृति, लोक परंपराओं और पारंपरिक व्यंजनों को नई पीढ़ी तक पहुँचाना है। साथ ही हरेला पर्व के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और प्रकृति के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन महिलाओं की प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने सभी महिलाओं और जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
प्रेस वार्ता में महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष कुसुम दिगारी, जिला महामंत्री ऊर्वशी बोरा, कोषाध्यक्ष विनीता शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ज्योति मेहता, कंचन कनवाल,, नीता मेहरा, जिला संरक्षक इंद्र कुमार भटियानी, प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता, युवा जिलाध्यक्ष प्रदीप सब्बरवाल, जिला महामंत्री हर्ष वर्द्धन पांडे, जिला मीडिया प्रभारी नीरू भल्ला सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




