उत्तराखंड में जल्द लागू होगी सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर पॉलिसी

खबर शेयर करें -

नैनीताल। उत्तराखंड में सूचना एवं जनसंपर्क व्यवस्था को और अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में सरकार तेजी से कदम बढ़ा रही है। इसी क्रम में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय ने सोमवार को जिला सूचना कार्यालय नैनीताल का विस्तृत निरीक्षण किया और विभागीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में संचालित विभिन्न योजनाओं, प्रचार-प्रसार गतिविधियों और विभागीय कार्यों की समीक्षा की। साथ ही जनपद के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों के साथ संवाद कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।

संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप आधुनिक मीडिया सेंटर स्थापित करने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। इन मीडिया सेंटरों के बनने से स्थानीय और बाहरी क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों को समाचार संकलन, प्रेषण और तकनीकी कार्यों में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनका कार्य और अधिक सुगम एवं प्रभावी हो सकेगा।

उन्होंने जिला सूचना अधिकारी को निर्देश दिए कि नैनीताल जिला मुख्यालय में मीडिया सेंटर निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का चयन कर शीघ्र प्रस्ताव भेजा जाए। इसके अलावा हल्द्वानी मीडिया सेंटर से जुड़े विभागीय कार्यों और कुमाऊं मंडल के समाचार पत्रों की निरीक्षण प्रक्रिया को भी गति देने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान पत्रकारों ने मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए प्रदेश के बाहर अधिक अस्पतालों को चिकित्सा सुविधा हेतु सूचीबद्ध करने, पत्रकार मान्यता और प्रेस मान्यता से जुड़े विभिन्न मुद्दे भी उठाए। इस पर संयुक्त निदेशक ने आश्वासन दिया कि पत्रकार कल्याण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

इस अवसर पर उन्होंने एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि उत्तराखंड में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पॉलिसी भी जल्द लागू की जाएगी। इस संबंध में विभागीय स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। माना जा रहा है कि इस नीति के लागू होने के बाद डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स के लिए नई संभावनाएं और स्पष्ट दिशा-निर्देश सामने आएंगे।

निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत, सक्रिय और प्रभावी बनाया जाए।

इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी नैनीताल गिरिजा शंकर जोशी, विभागीय कर्मचारी तथा विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Breaking News