उत्तराखंड में मानसूनी दस्तक के संकेत, कई जिलों में बारिश का दौर..

खबर शेयर करें -

Nainitallive

उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार को नैनीताल समेत राज्य के आठ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही संबंधित जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

रविवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। उत्तरकाशी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून और चम्पावत के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।

तापमान की बात करें तो प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस खटीमा में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस केदारनाथ में रिकॉर्ड किया गया।

देहरादून में ऐसा रहेगा मौसम

राजधानी देहरादून में दिनभर आसमान साफ से लेकर आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। दोपहर और शाम के समय कुछ क्षेत्रों में गरज वाले बादल विकसित होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

अगले तीन दिन का मौसम पूर्वानुमान

23 जून
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अन्य पर्वतीय जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क रहेगा।

24 जून
पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। मैदानी इलाकों में मौसम सामान्य और शुष्क बना रहेगा।

25 जून
प्रदेश के अधिकांश पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और ऊंचे क्षेत्रों में सावधानी बरतने तथा आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की है।

UttarakhandWeather #RainAlert #Nainital #WeatherUpdate #YellowAlert #UttarakhandNews

Breaking News