ब्रेकिंग – उत्तराखण्ड के भीमताल में रात के अंधेरे में खाई में गिरे डंपर से चालक को जिंदा बचा लाई एस.डी.आर.एफ.।
शनिवार मध्य रात्रि को भीमताल से रानीबाग जाने वाले मार्ग में एक डम्पर सड़क से नीचे खाई में गिरने की सूचना आपदा प्रबंधन विभाग से भीमताल पुलिस को मिली।सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF)की टीम बिना देरी किए घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। सूचना मिलने पर उप निरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में टीम आवश्यक रैस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पहुंचे।
घटनास्थल पहुँचने पर जानकारी मिली कि डंपर संख्या यू.के.04 सी.बी.0148 पत्थर लेकर हल्द्वानी से मुक्तेश्वर को जा रहा था। डम्पर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया और सड़क से नीचे जा गिरा।एस.डी.आर.एफ. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुक्तेश्वर निवासी चालक सूरज सिंह बिष्ट को घने जंगल और घुप अंधेरे के बावजूद घंटों की मशक्कत के बाद ढूंढ निकाला। घायल सूरज को खाई से सुरक्षित बाहर निकालकर एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए भवाली अस्पताल भेजए गया। दुर्घटना में चालक को हल्की चोटें आई हैं।




