हल्द्वानी
केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद हल्द्वानी में कांग्रेस ने इसे देशभर के छात्रों और युवाओं के लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत बताते हुए जश्न मनाया। महानगर कांग्रेस कमेटी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों एवं युवाओं का मुंह मीठा कराया वही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने “विजय मार्च” निकालकर छात्र-छात्राओं की ऐतिहासिक जीत का स्वागत किया।

महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति के इस्तीफे का नहीं, बल्कि लाखों छात्र-छात्राओं, युवाओं और आम जनता की लोकतांत्रिक आवाज़ की जीत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज़ को लंबे समय तक दबाया नहीं जा सकता और जनदबाव के सामने सरकार को जवाबदेह होना ही पड़ता है।
सुमित हृदयेश ने कहा कि अब केवल इस्तीफा पर्याप्त नहीं है। देश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक और स्थायी सुधार किए जाने चाहिए। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी (UTU) पेपर लीक मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि यह देश के युवाओं की एकजुटता, लोकतांत्रिक मूल्यों और शांतिपूर्ण जनआंदोलन की शक्ति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगे भी छात्रों और युवाओं के अधिकारों तथा पारदर्शी एवं निष्पक्ष शिक्षा व्यवस्था के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
वहीं, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी ने प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर “विजय मार्च” निकाला। ब्लॉक अध्यक्ष किरन सिंह माहारा ने कहा कि यह मार्च उन लाखों छात्रों और युवाओं को समर्पित है, जिन्होंने अपने संघर्ष और दृढ़ संकल्प से इस आंदोलन को सफल बनाया।
उन्होंने यह भी कहा कि यह विजय मार्च लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी समर्पित है, जिन्होंने पूरे आंदोलन के दौरान छात्रों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
कार्यक्रमों में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल रहे।




