उत्तराखंड : गैंगरेप के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, एक के गोली लगी

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में 19 वर्षीय युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, देर रात चेकिंग के दौरान जब बाइक सवार तीनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद तीनों को दबोच लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। घायल आरोपी का पुलिस सुरक्षा के बीच अस्पताल में इलाज चल रहा है।

कैसे हुई वारदात?

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता मूल रूप से गढ़वाल क्षेत्र की रहने वाली है और रुद्रपुर स्थित सिडकुल की एक कंपनी में काम करती है। शनिवार रात वह अपनी एक सहेली और दो दोस्तों के साथ भूरारानी रोड पर मौजूद थी। इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और चारों को रोककर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि आरोपी जबरन चारों को अपने साथ ले जाने लगे। रास्ते में मौका मिलते ही पीड़िता की सहेली और एक युवक चलती बाइक से कूदकर भाग निकले, लेकिन पीड़िता और उसका दूसरा साथी आरोपियों के कब्जे में ही रह गए।

जंगल में ले जाकर किया गैंगरेप

पुलिस के अनुसार, आरोपी पीड़िता और उसके साथी को काशीपुर फ्लाईओवर की ओर ले गए। कुछ दूरी पर उन्होंने युवक को भी छोड़ दिया और युवती को घने जंगल में ले जाकर उसके साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवती को गंभीर हालत में छतरपुर-भूरारानी निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास (मेट्रोपोलिस अंडरपास) के पीछे झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।

युवती के लापता होने के बाद पुलिस और परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद वह झाड़ियों में घायल और बदहवास हालत में मिली। पुलिस ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।

पीड़िता के बयान और उसकी सहेली की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप, अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचे आरोपी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश और एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। जिलेभर में लगातार चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया गया।

सोमवार देर रात बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में पुलिस को बाइक पर सवार तीनों संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुख्य आरोपी गुरबाज उर्फ मानु के पैर में गोली लग गई।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल गुरबाज उर्फ मानु (निवासी गदरपुर) के साथ उसके दो साथियों जोगा सिंह और रविंदर (दोनों निवासी रामपुर, उत्तर प्रदेश) को भी गिरफ्तार कर लिया।

मौके से पुलिस ने अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी का रुद्रपुर जिला अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा में इलाज चल रहा है।

घटना के बाद एसएसपी अजय गणपति स्वयं अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने विवेचना को तेजी से आगे बढ़ाने, मजबूत चार्जशीट तैयार कर आरोपियों को जल्द से जल्द कानून के तहत सख्त सजा दिलाने के निर्देश दिए हैं।

Breaking News