नैनीताल। सड़क और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर भूमियाधार के ग्रामीणों ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जताया है। ग्रामीणों ने “रोड नहीं तो वोट नहीं” के नारे लगाते हुए जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि आज भी उन्हें सड़क और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। सड़क की सुविधा नहीं होने से सबसे ज्यादा परेशानी बीमार, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को उठानी पड़ती है। ग्रामीणों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के क्षेत्र में होने के बावजूद उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
धरने के दौरान ग्रामीणों ने साफ कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी देते हुए कहा कि इसके लिए शासन-प्रशासन जिम्मेदार होगा।
धरना प्रदर्शन में ग्राम प्रधान मीनाक्षी टम्टा समेत अधिवक्ता आकाश बिष्ट, हिमांशु पांडे, प्रदीप त्यागी, करन कुमार, पंकज बिष्ट, राहुल आर्य, शीलू कुमार, रोहित आर्य, अर्जुन कुमार, गौरव बिष्ट, हिमांशु पाण्डे, दीप प्रकाश, दिव्यांशु, अमन, चंपा देवी, किरन देवी, जानकी देवी, परियाग, अजय कुमार, संजय बिष्ट, सुरेश चंद्र, नवाब हुसैन, जीशान्त कुमार सिंकू, भावेश नेगी, अनुभव कुमार, संजू बोरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





