धनतेरस पर महापौर की बड़ी सौगात : हल्द्वानी में बनेंगे प्राइवेट वेंडिंग जोन, अब ऑनलाइन टैक्स..

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी – मंगलपर्व धनतेरस के मौके पर नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने शहरवासियों को दीपावली की शुभकामनाओं के साथ एक के बाद एक बड़ी घोषणाएं कर दीं। निगम सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने शहर के व्यापारिक और शहरी विकास को नई दिशा देने वाले फैसलों का ऐलान किया।

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने बताया कि अब हल्द्वानी की जनता को हाउस टैक्स जमा करने के लिए निगम के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, क्योंकि नगर निगम ने ऑनलाइन टैक्स भुगतान की सुविधा शुरू कर दी है। इससे लोगों का समय बचेगा और पारदर्शिता बढ़ेगी। साथ ही, उन्होंने बताया कि अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी कमर्शियल टैक्स लागू किया जाएगा, जिससे निगम की आय में वृद्धि होगी और इस आय का उपयोग शहर के विकास कार्यों में किया जाएगा।

व्यापारियों के लिए दो मंजिला दुकान और नई मार्केट का प्रस्ताव

महापौर ने बताया कि शहर में विभिन्न क्षेत्रों में जगह चिन्हित कर नई दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा, जिन व्यापारियों के पास पहले से दुकानें हैं, उन्हें पुरानी दुकानों को दो मंजिला करने का प्रस्ताव दिया जा रहा है। इससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय रोजगार को भी बल मिलेगा।

शहर को मिलेगा ट्रैफिक और अतिक्रमण से छुटकारा: बनेगा प्राइवेट वेंडिंग जोन

महापौर की सबसे बड़ी घोषणा रही प्राइवेट वेंडिंग जोन की स्थापना। उन्होंने कहा कि शहर में फुटपाथ और सड़क किनारे ठेली-फड़ी वालों की बढ़ती संख्या से जाम और अतिक्रमण की समस्या गंभीर हो गई है। इसे ध्यान में रखते हुए निगम ने एक अभिनव योजना तैयार की है।

अब जिन भू-स्वामियों के पास खाली जगह है, वे नगर निगम से अनुमति लेकर यूज़र चार्ज के माध्यम से प्राइवेट वेंडिंग जोन विकसित कर सकते हैं। इस योजना से न सिर्फ फड़ी-ठेली वालों को व्यवस्थित जगह मिलेगी, बल्कि भूमि स्वामी को आय का नया स्रोत भी मिलेगा। साथ ही, शहर को अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं से भी राहत मिलेगी।

ADVERTISEMENTSAd
Breaking News