एक पासपोर्ट फोटो रखें तैयार, उत्तराखंड में SIR की शुरुआत..Book A Call with BLO

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में सोमवार से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की शुरुआत होने जा रही है। इसके तहत प्रदेशभर के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करेंगे और मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी 11,733 बीएलओ को गणना फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं और 8 जून से प्रत्येक मतदाता तक यह फार्म पहुंचाया जाएगा।

एक पासपोर्ट साइज फोटो रखें तैयार

निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखें और गणना फार्म भरते समय बीएलओ को उपलब्ध कराएं। हालांकि 8 जून से 7 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के दौरान मतदाताओं से किसी अन्य दस्तावेज की मांग नहीं की जाएगी।

घर पर नहीं हैं तो करें ‘Book A Call’

यदि कोई मतदाता नौकरी या अन्य कारणों से दिन में घर पर उपलब्ध नहीं है तो वह “Book A Call with BLO” सुविधा का उपयोग कर सकता है। इसके लिए मतदाता ECI की वोटर सेवा वेबसाइट या ECI-Net मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिनों के भीतर बीएलओ स्वयं संपर्क करेंगे।

तीन बार घर आएंगे BLO

निर्वाचन विभाग के अनुसार यदि किसी घर पर पहली बार में मतदाता नहीं मिलता है तो बीएलओ तीन बार वहां जाएंगे। साथ ही घर पर एक स्टीकर लगाकर अगली विजिट की तारीख और अपना मोबाइल नंबर भी छोड़ेंगे, ताकि मतदाता सुविधानुसार संपर्क कर सकें।

जानिए आगे का पूरा कार्यक्रम

8 जून से 7 जुलाई: गणना फार्म वितरण और संग्रहण

14 जुलाई: ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन

14 जुलाई से 13 अगस्त: दावे और आपत्तियां दर्ज करने का समय

14 जुलाई से 11 सितंबर: दावे-आपत्तियों का निस्तारण

15 सितंबर 2026: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन

निर्वाचन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि पात्र नागरिक स्वयं भी ECI-Net ऐप के जरिए गणना फार्म डाउनलोड, भरकर अपलोड कर सकते हैं। वहीं नए मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं।

निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना और मतदाता रिकॉर्ड को पूरी तरह अद्यतन करना है।

Breaking News