जमरानी बांध से बदलेगी कुमाऊं की तस्वीर, सतपाल महाराज ने लिया निर्माण कार्य का जायजा

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी
कुमाऊं के लिए लंबे समय से इंतजार का विषय बनी जमरानी बांध परियोजना अब जमीन पर आकार ले रही है। रविवार को प्रदेश के सिंचाई, पर्यटन, लोक निर्माण एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने गोला नदी पर निर्माणाधीन बहुउद्देशीय जमरानी बांध परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।

काठगोदाम से करीब 10 किलोमीटर दूर गोला नदी पर बन रही यह परियोजना सिर्फ एक बांध नहीं, बल्कि कुमाऊं की पानी, खेती और भविष्य की जरूरतों से जुड़ी बड़ी उम्मीद है। परियोजना के पूरा होने के बाद नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के साथ उत्तर प्रदेश के बरेली और रामपुर जिलों की करीब 57,066 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिलने की उम्मीद है।

करीब 3,808 करोड़ रुपये।की लागत वाली इस बहुउद्देशीय परियोजना से हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले 10 लाख से अधिक लोगों को प्रतिवर्ष 42.70 मिलियन क्यूबिक मीटर पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा। ऐसे में यह परियोजना बढ़ती आबादी और भविष्य की जल जरूरतों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

जमरानी बांध का लाभ केवल पेयजल और सिंचाई तक सीमित नहीं रहेगा। मानसून के दौरान बाढ़ नियंत्रण और नदी के प्रवाह को नियंत्रित करने में भी परियोजना की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। वहीं जलाशय क्षेत्र में मत्स्य पालन और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने पर जोर दिया। परियोजना से जुड़े विभागीय अधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad
Breaking News