होटल में ओवररेटिंग या अभद्रता हुई तो तुरंत करें शिकायत, प्रशासन हुआ सख्त
नैनीताल घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए बड़ी और जरूरी खबर है। पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए खास व्यवस्था की है।
तहसीलदार नैनीताल अक्षय कुमार भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में कई बार होटल, रिसोर्ट, गेस्ट हाउस और अन्य प्रतिष्ठानों में पर्यटकों से ओवर रेटिंग, बदसलूकी या अन्य तरह की अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती हैं। इन्हीं समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए तहसील कार्यालय नैनीताल में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
इन समस्याओं पर तुरंत मिलेगी मदद_ होटल या रिसोर्ट में तय रेट से ज्यादा वसूली..
पर्यटकों के साथ अभद्र व्यवहार..
बुकिंग से जुड़ी गड़बड़ी या अन्य पर्यटन संबंधी शिकायतें ।
प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी पर्यटक को परेशान होने की जरूरत नहीं है। शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
इस नंबर पर करें शिकायत
पर्यटक सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे के बीच हेल्पलाइन नंबर 9458931332 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
प्रशासन अलर्ट…
पर्यटन सीजन से पहले नैनीताल जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। सरोवर नगरी नैनीताल को और चमकाया जा रहा है व्यवस्थाओं को चुस्त और दुरुस्त किया जा रहा है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग और पर्यटकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं। वहीं एसएसपी मंजूनाथ ने पुलिस कर्मियों को पर्यटकों के साथ दोस्ताना और सहयोगात्मक व्यवहार रखने की हिदायत दी है। पुलिस जवानों को ड्यूटी प्वाइंट पर सतर्क रहने और जाम की स्थिति रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं।




