Haldwani – न्यायालय परिसर में गुरुवार को एक वारंटी द्वारा अधिवक्ता के साथ मारपीट की घटना के बाद अधिवक्ताओं में रोष और भय का माहौल बन गया। मामले को लेकर हल्द्वानी बार एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में एसपी सिटी मनोज कत्याल से मिला और न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की।
बार एसोसिएशन पदाधिकारियों ने एसपी सिटी को अवगत कराया कि गुरुवार को न्यायालय परिसर में कार्यदिवस के दौरान वारंटी दिनेश सिंह रावत ने अधिवक्ता एस.डी. जोशी के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे अधिवक्ता चंद्रशेखर जोशी की जांघ में आरोपी ने दांत से काट लिया तथा हाथों पर नाखूनों से खरोंचें मार दीं। इसके बाद अधिवक्ताओं ने किसी तरह आरोपी को न्यायालय परिसर से बाहर किया, लेकिन वह परिसर के गेट के पास ही गाली-गलौज करता रहा।
सूचना मिलने पर भोटियापड़ाव पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अधिवक्ताओं में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार 24 अप्रैल से जजी परिसर में बैरिकेडिंग के जरिए प्रवेश व्यवस्था लागू की जाएगी, जहां दो पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
साथ ही न्यायालय परिसर में केवल अधिवक्ताओं और कर्मचारियों के वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, अन्य वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने अधिवक्ताओं से व्यवस्था में सहयोग की अपील भी की।
उधर पुलिस ने शाम को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
प्रतिनिधिमंडल में बार एसोसिएशन के सचिव मोहन सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष ललित सिंह मेर, उप सचिव सुधांशु तिवारी, कोषाध्यक्ष गौरव कपूर, उप सचिव (प्रेस) वानु कब्डाल, सदस्य राकेश कुकरेती, एस.डी. जोशी और योगेश्वरी सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।




