हल्द्वानी में फर्जी गोल्ड लोन गैंग का भंडाफोड़, नकली सोने के साथ दो गिरफ्तार

खबर शेयर करें -

नैनीताल/हल्द्वानी — जनपद नैनीताल में लंबे समय से फर्जी गोल्ड लोन गिरवी के जरिए बैंकों को चूना लगाने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए जिले की पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम ने इस गिरोह के दो मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।

इनकी गिरफ्तारी हल्द्वानी के नैनीताल रोड स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय पार्क से की गई। इनके पास से 111 ग्राम वजनी नकली सोने की चूड़ियां बरामद हुई हैं जिन पर नकली होलोग्राम अंकित था।

साल 2024-2025 के दौरान हल्द्वानी, बनभूलपुरा और मुखानी थाना क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा और केनरा बैंक में कुछ व्यक्तियों द्वारा गिरवी रखे गए आभूषणों के आधार पर गोल्ड लोन प्राप्त किए गए थे। लेकिन जब बैंकों द्वारा आंतरिक ऑडिट करवाई गई, तो सामने आया कि गिरवी रखे गए गहने पूरी तरह नकली थे। इस खुलासे के बाद संबंधित बैंकों ने तीनों थानों में मुकदमे दर्ज कराए।

इन मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल ने नगर पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र और क्षेत्रीय पुलिस उपाधीक्षक नितिन लोहनी को निर्देशित किया कि वे थाना पुलिस और एसओजी टीम के साथ मिलकर इस संगठित अपराध का भंडाफोड़ करें।

मुखबिर की सटीक सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय पार्क से दो संदिग्ध व्यक्तियो अभिषेक सिंह नेगी और पवन सिंह फर्सवाण को दबोच लिया। इनकी तलाशी के दौरान पुलिस को 06 अदद नकली सोने की चूड़ियां मिलीं, जिनका कुल वजन लगभग 111 ग्राम था। इन पर नकली होलोग्राम भी लगाया गया था ताकि वे असली प्रतीत हों।

पूछताछ में बड़ा खुलासा:

गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि इनका एक संगठित गिरोह है, जिसमें दिल्ली और अल्मोड़ा के लोग शामिल हैं। नकली सोना ये लोग दिल्ली से बेहद कम दाम पर मंगवाते हैं और फिर उस पर फर्जी हॉलमार्क लगवाते हैं। इस तरह तैयार किए गए नकली सोने को बैंकों में गिरवी रखकर वे गोल्ड लोन ले लेते हैं।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह के एक सदस्य अखिलेश सिंह नेगी ने विभिन्न बैंकों से करीब 60–70 लाख रुपये के प्रॉपर्टी, व्हीकल और गोल्ड लोन ले रखे हैं, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त:

1.अखिलेश सिंह नेगी उर्फ अक्कू, पुत्र श्री केसर सिंह
निवासी: ग्राम बसौली, पोस्ट भैसोली, थाना सोमेश्वर, जिला अल्मोड़ा उम्र: 37 वर्ष

2 पवन सिंह फर्सवाण, पुत्र दरवान सिंह निवासी: ग्राम व पोस्ट लीली, थाना कपकोट, जिला बागेश्वर उम्र: 24 वर्ष

अन्य आरोपी और जांच:

इस गैंग में दिल्ली और अल्मोड़ा के कई अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिनकी तलाश और जांच जारी है। पूर्व में हल्द्वानी, बनभूलपुरा और मुखानी थानों में दर्ज 6 मुकदमों में अजहर वारसी, जोया अहमद, तरुण भारद्वाज, हरजिंदर नरुला और मोहम्मद फिरोज जैसे नामजद अभियुक्तों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

इसके अलावा यह भी पड़ताल की जा रही है कि बैंकों द्वारा गिरवी रखे गए सोने की गुणवत्ता की जांच में कहीं कोई लापरवाही या बैंक कर्मियों की मिलीभगत तो नहीं हुई।

🧾 बरामदगी:

  • कुल 06 अदद नकली सोने की चूड़ियां
  • कुल वजन: लगभग 111 ग्राम
  • नकली हॉलमार्क व कूट रचित होलोग्राम लगे हुए

एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा ने गिरोह का सफल अनावरण करने वाली टीम को ₹2500 की नकद पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है।

ADVERTISEMENTSAd
Breaking News