हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) ने दूरस्थ शिक्षा को अधिक आसान और सबके लिए सुलभ बनाने की दिशा में सराहनीय पहल की है। अब सेना के जवानों और जेलों में स्थापित विशेष अध्ययन केंद्रों के शिक्षार्थियों को भी नियमित ऑनलाइन शैक्षणिक मार्गदर्शन मिलेगा। इसके साथ ही उन सभी अध्ययन केंद्रों के विद्यार्थियों के लिए भी विशेष ऑनलाइन परामर्श सत्र आयोजित किए जाएंगे, जहां पंजीकृत विद्यार्थियों की संख्या 10 या इससे कम है।
कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी के मार्गदर्शन में शुरू की जा रही इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दूरी, कम नामांकन या विशेष परिस्थितियों के चलते किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो।
विश्वविद्यालय के ग्रीष्मकालीन सत्र जुलाई 2026 के तहत ये ऑनलाइन परामर्श सत्र 23 नवंबर 2026 से 7 जनवरी 2027 तक आयोजित होंगे। इनका संचालन आदर्श अध्ययन केंद्र, हल्द्वानी (16000) के माध्यम से किया जाएगा। सोमवार से शुक्रवार तक चलने वाले इन सत्रों का समय सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
32 विषयों में मिलेगा शैक्षणिक मार्गदर्शन
इस कार्यक्रम के तहत स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के कुल 32 विषयों के विद्यार्थियों को ऑनलाइन परामर्श दिया जाएगा। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, इतिहास, राजनीति विज्ञान, पत्रकारिता, मनोविज्ञान, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, वाणिज्य, कंप्यूटर विज्ञान, विधि, योग, शिक्षा, कृषि, पर्यटन, भूगोल एवं जीआईएस सहित अन्य विषय शामिल हैं।
विद्यार्थियों को ऑनलाइन सत्रों में शामिल होने के लिए जूम मीटिंग का लिंक, आईडी और पासकोड उपलब्ध कराया गया है। विद्यार्थी अपनी विषयवार समय-सारणी के अनुसार इन सत्रों से जुड़ सकेंगे।
आदर्श अध्ययन केंद्र हल्द्वानी के समन्वयक डॉ. विशाल कुमार शर्मा ने बताया कि कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय प्रत्येक विद्यार्थी को उच्च शिक्षा के समान अवसर देने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि इस पहल से सेना के जवानों और जेलों में स्थापित विशेष अध्ययन केंद्रों के विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई और शैक्षणिक मार्गदर्शन मिल सकेगा। साथ ही कम नामांकन वाले अध्ययन केंद्रों के विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने सभी संबंधित विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ऑनलाइन सत्रों में शामिल होकर इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
विश्वविद्यालय की यह पहल दूरस्थ शिक्षा को केवल डिग्री तक सीमित रखने के बजाय हर परिस्थिति में विद्यार्थियों से जुड़े रहने और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा में बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।







