उत्तराखण्ड के भीमताल की एक सोसाइटी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। सुबह शव ट्रांसफार्मर के पास पड़ा मिला। पुलिस इसे प्रथम दृष्टया करंट लगने से मौत मानकर जांच कर रही है जबकि फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया लिया गया है।
भीमताल की गोलूधार सोसायटी में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने ट्रांसफार्मर के समीप एक युवक का शव देखा। सूचना मिलते ही भीमताल पुलिस और ऊर्जा निगम की टीम मौके पर पहुंची।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अल्मोड़ा निवासी 39 वर्षीय अमर राम के रूप में हुई है। अमर राम गोलूधार में आकाश कपूर के घर पर कुक का काम करता था।
बताया गया कि बुधवार शाम करीब छह बजे अमर राम ने फोन कर बाल कटवाने के लिए जाने की बात कही थी। करीब आधे घंटे बाद जब उसे दोबारा फोन किया गया तो उसने फोन नहीं उठाया। वहीं, रात करीब आठ बजे क्षेत्र की बिजली भी गुल हो गई थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस, प्रथम दृष्टया अमर की करंट लगने से मौत मान रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।BhimtalNews #BreakingNews #BhimtalCrimeNews





