खतरनाक मर्डर : प्रेमी को ट्रक में डालकर जला दिया_एक महीने बाद राज़ खुला ..

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। पहले कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला, फिर शव को ट्रक के केबिन में रखकर आग लगाने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। करीब एक महीने तक हादसा समझे जा रहे इस मामले का खुलासा पुलिस जांच के बाद हुआ।

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र निवासी बलविंदर सिंह, जो पेशे से ट्रक ड्राइवर था, 10 जुलाई को माल लेकर नेपाल बॉर्डर की ओर निकला था। लेकिन वह अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचा। बाद में पीलीभीत हाईवे पर हरदोई ब्रांच नहर पुल के पास ट्रक के केबिन से उसका जला हुआ शव बरामद हुआ।

शुरुआत में मामले को सड़क हादसा माना गया, लेकिन चौंकाने वाली पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जांच की दिशा बदल गई।

मृतक के परिजनों ने भी इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई। सीसीटीवी फुटेज की जांच में ट्रक का कई घंटों तक निर्धारित मार्ग से गायब रहना पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ।

तीन साल पुराने प्रेम संबंध पर टिकी जांच

पुलिस जांच के दौरान रुद्रपुर निवासी अमनदीप कौर संदेह के घेरे में आई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में महिला ने मृतक के साथ करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की।

महिला ने कथित तौर पर बलविंदर पर लोहे की रॉड से हमला किया और बाद में शव को ट्रक के केबिन में रखकर आग लगा दी। पुलिस ने मामले में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महिला ने बताया कि मृतक के पास उसकी निजी फोटो और वीडियो थे और वह उन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसे परेशान करता था। पुलिस का कहना है कि महिला ने इसी कारण उससे छुटकारा पाने के लिए हत्या की साजिश रचने की बात स्वीकार की है।

हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

ADVERTISEMENTSAd Ad
Breaking News